​धनबाद। भूली मोड़ गोलीबारी कांड के आरोपियों को पकड़ने गई पुलिस टीम पर बुधवार देर रात अपराधियों ने फायरिंग कर दी। ईस्ट बसुरिया ओपी क्षेत्र के छोटकी बौआ में हुई इस मुठभेड़ में पुलिस की जवाबी कार्रवाई के बाद चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। इस दौरान दो आरोपी घायल भी हुए हैं।

​पुलिस के अनुसार मुठभेड़ में भूली निवासी आरोपी चंदन ठाकुर गोली लगने से घायल हुआ है, जबकि दूसरा आरोपी प्रिंस कुमार भागने की कोशिश में पास की खदान में गिरकर चोटिल हो गया। दोनों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मौके से एक पिस्टल और हथियार भी बरामद किए हैं।

गौरतलब है कि 21 सितंबर को भूली मोड़ पर हुई गोलीबारी में तीन लोग घायल हो गए थे। घटना के बाद एसएसपी प्रभात कुमार के निर्देश पर गठित विशेष टीम लगातार आरोपियों की तलाश कर रही थी। मामले में गिरफ्तार आमिर कुरैशी से पूछताछ और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस को ईस्ट बसुरिया के एक बंद भवन में अपराधियों के छिपे होने की गुप्त सूचना मिली थी।

सूचना के आधार पर जब विशेष टीम ने इलाके की घेराबंदी की, तो अंदर मौजूद अपराधियों ने पुलिस टीम पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की, जिसके बाद चार आरोपी दबोच लिए गए।

​पुलिस फिलहाल गिरफ्तार आरोपियों की गोलीकांड में सटीक भूमिका और घटना के पीछे की मुख्य वजह का पता लगाने के लिए आगे की जांच कर रही है।