धनबाद। पुलिस ने कुख्यात फरार अपराधी प्रिंस खान और उसके भाई गोपी खान के गिरोह के खिलाफ अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। बरवाअड्डा थाना क्षेत्र के निरंकारी चौक के पास रंगदारी वसूलने पहुंचे अपराधियों और पुलिस के बीच हुई मुठभेड़ में दो शूटर गोली लगने से घायल हो गए।
गुप्त सूचना के आधार पर जब पुलिस की टीम निरंकारी चौक पर दबिश देने पहुंची, तो बाइक सवार तीन अपराधियों ने पुलिस वाहन पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। जवानों द्वारा की गई आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई में दो अपराधियों के पैर में गोली लगी, जबकि तीसरा बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से भागने में सफल रहा।
घायल अपराधियों की पहचान पुटकी निवासी नजीर अंसारी (36) और वासेपुर निवासी इरफान अंसारी (35) के रूप में हुई है। दोनों को पुलिस अभिरक्षा में इलाज के लिए एसएनएमएमसीएच में भर्ती कराया गया है।
घटना की जानकारी मिलते ही एसएसपी प्रभात कुमार, सिटी एसपी रित्विक श्रीवास्तव, ग्रामीण एसपी एस मोहम्मद याकूब और मुख्यालय-1 डीएसपी कुमार विनोद पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और पूरे इलाके की घेराबंदी की। पुलिस ने घटनास्थल से एक बाइक, हथियार और मोबाइल फोन बरामद किया है।
एसएसपी प्रभात कुमार ने बताया कि तीनों बदमाश रंगदारी की रकम वसूलने आए थे। जांच के दौरान यह बात सामने आई है कि पकड़े गए अपराधियों में से एक की घटना के दौरान फोन पर सीधे गोपी खान से बातचीत हो रही थी। फरार तीसरे अपराधी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।
