बोकारो। झामुमो बोकारो महानगर समिति की ओर से सोमवार को बोकारो रेलवे कॉलोनी और सेक्टर-4 गांधी चौक के पास नुक्कड़ सभा आयोजित कर एमएमडीआर के खिलाफ जनजागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने लोगों को विधेयक के संभावित प्रभावों की जानकारी देते हुए झारखंड के जल, जंगल, जमीन और खनिज संपदा पर राज्य के अधिकारों की रक्षा के लिए एकजुट होने की अपील की।
झामुमो महानगर अध्यक्ष मंटू यादव ने कहा कि झारखंड के आर्थिक और संवैधानिक अधिकारों की रक्षा के लिए पार्टी का संघर्ष जारी रहेगा। राज्य की खनिज संपदा का लाभ यहां की जनता और राज्य के विकास को मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि अधिकारों के सवाल पर झामुमो पीछे नहीं हटेगा। उन्होंने बताया कि आंदोलन के अगले चरण में 7 सितंबर को चास प्रखंड मुख्यालय पर एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा। इसके माध्यम से झारखंड के हितों और राज्य के अधिकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा।
नुक्कड़ सभा में अशोक यादव, संजय कुमार, राकेश सिन्हा, सदानंद गोप, केके मंडल, उदय कुंभकार, भारत यादव, दलो यादव, मस्तान अंसारी, नीरज यादव, रणधीर रजक, सोहन मुर्मू, संतोष यादव, अलाउद्दीन अंसारी, मनोज सिंह, मुमताज अंसारी, फारूक अंसारी समेत झामुमो के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे।
