​गिरिडीह।पीरटांड़ प्रखंड की कुम्हरलालो पंचायत स्थित कर्णपुरा गांव में बुधवार को हाथियों के एक झुंड ने जमकर उत्पात मचाया। जंगल की ओर से आए हाथियों के इस झुंड ने खेतों में लगी फसलों को बुरी तरह रौंद दिया और कई स्थानों पर चहारदीवारी को क्षतिग्रस्त कर दिया। अचानक गांव में हाथियों की दस्तक से ग्रामीणों के बीच दहशत का माहौल बन गया है।

पीड़ित लोगों ने बताया कि हाथियों का झुंड शनिवार देर शाम तक बराकर नदी के किनारे मौजूद था लेकिन रात में बराकर नदी के किनारे जंगल से निकलकर गांवों में लगी फसलों को तहस नहस कर डाला। बताया गया कि हाथियों की संख्या बारह है। उसमें तीन छोटे छोटे बच्चे भी शामिल हैं। फिलहाल हाथियों का झुंड बराकर नदी के किनारे स्थित जांगो जंगल में रुका हुआ है। हाथियों द्वारा बर्बाद किए गए फसल की सूचना गिरिडीह डीएफओ को दे दी गई है। डीएफओ आशीष ने कहा है कि सभी पीड़ित किसानों को मुआवजा दिया जाएगा।

​हाथियों के आगमन की भनक मिलते ही ग्रामीण सतर्क हो गए और सुरक्षा के लिहाज से अपने घरों से बाहर निकलकर झुंड की गतिविधियों पर नजर रखने लगे। हाथियों द्वारा मचाई गई तबाही से स्थानीय किसानों को भारी आर्थिक नुकसान का सामना करना पड़ा है।

​अचानक हुए इस हमले से ग्रामीणों में अपनी सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता बनी हुई है। ग्रामीण अनहोनी की आशंका के कारण सतर्कता बरत रहे हैं। हालांकि, हाथियों द्वारा किए गए कुल नुकसान का सटीक आकलन अभी तक नहीं हो सका है।