चंदनकियारी। विद्युत सब स्टेशन हाउस चंदनकियारी में हथियार के बल पर रात्रि प्रहरी को बंधक बनाकर चोरों ने करीब 31 लाख रुपये के बिजली उपकरण चोरी कर लिए। मामले में विद्युत विभाग के सहायक अभियंता नरेंद्र मिंज के आवेदन पर अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
घटना की जानकारी मिलने पर एएसपी चास वेदांत शंकर ने मौके पर पहुंचकर कर्मचारियों से पूरी जानकारी ली। विभाग के अनुसार चोरों ने रात्रि प्रहरी अशोक हेंब्रम के हाथ-पैर बांधकर उसे गार्ड रूम में बंद कर दिया था।
बताया गया कि चोर करीब 12 किलोमीटर हाई वोल्टेज तार, ट्रांसफार्मर के कल-पुर्जे, तेल, कंडक्टर सहित अन्य सामान ले गए, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 31 लाख रुपये बताई जा रही है।
सुबह दूसरे शिफ्ट के गार्ड महावीर शर्मा के पहुंचने पर घटना का खुलासा हुआ। उन्होंने प्रहरी को मुक्त कराकर पुलिस को सूचना दी।
पुलिस के अनुसार चोरी में वाहन का इस्तेमाल किए जाने की आशंका है। मामले की जांच सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी माध्यमों से की जा रही है। अधिकारियों ने बताया कि घटना से जुड़े सभी बिंदुओं पर जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
