रांची। झारखंड के सबसे बड़े कन्ज्यूमर फेस्ट एक्सपो-26 का पोस्टर रिलीज रविवार को रांची के होटल बीएनआर चाणक्य में हुआ। जेसीआइ के द्वारा आयोजित इस एक्सपो में इस बार 400 से ज्यादा स्टॉल लेंगे। एक्सपो का आयोजन मोरहाबादी मैदान में 1 अक्टूबर से 7 अक्टूबर तक होगा। कायर्क्रम के मुख्य अतिथि मेकॉन के उप निदेशक मुकुल कमार ने कहा कि इस एक्सपो की सबसे बड़ी खासियत है कि इसके आयोजन की कमान युवाओं के हाथ में होती है। उन्होंने कहा कि आनेवाले समय में मेकॉन और जेसीआइ मिल कर आयोजन कर सकते हैं। एक्सपो के मुख्य संयोजक प्रशांत पाटोदिया ने कहा कि इस बार यह एक्सपो दो लाख से भी ज्यादा वर्ग फीट जगह पर हो रहा है और इसमें देश भर के 400 से ज्यादा स्टॉल लगेंगे। इस बार कई नये ब्रांड और उत्पाद इस एक्सपो में देखने को मिलेंगे। उन्होंने कहा कि इस बार युवाओं के लिए भजन जैमिंग से लेकर लाइव म्यूजिक तक की व्यवस्था की जा रही है। इसके अलावा मिड नाइट बाजार, फूड एरिया, एम्यूजमेंट पार्क की व्यवस्था की गई है। इस बार लोगों की सुविधा के लिए साफ-सुथरे वाशरूम बनाये जायेंगे। जेसीआइ के अध्यक्ष अभिषेक जैन ने कहा कि एक्सपो की शुरुआत 1996 में रांची के टाउन हॉल से हुई थी। उसके बाद जिला स्कूल मैदान और अब मोरहाबादी मैदान में इसका आयोजन हो रहा है। इसका स्वरूप अब काफी बड़ा हो गया है। कायर्क्रम में उपस्थित जेसीआइ की वाइस प्रेसिडेंट राखी जैन व जेसीआऱ रांची के सचिव साकेत अग्रवाल ने भी अपने उद्गार व्यक्त किये। मौके पर पूर्व अध्यक्षों और पूर्व सचिवों को सम्मिनत किया गया।