चतरा। वशिष्ठ नगर थाना क्षेत्र में दुग्ध उत्पादक एजेंसी के कर्मी से हुई लूट का पुलिस ने 48 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने मुख्य आरोपी समेत चार युवकों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से लूटा गया मोबाइल, नकद रुपये और वारदात में इस्तेमाल चाकू, लोहे की रॉड में चैन से बना रिंग तथा लकड़ी का डंडा बरामद किया गया है।
चतरा डीएसपी (मुख्यालय) सुनील कुमार ने बताया कि 11 अगस्त की देर रात रक्सी पुल के पास झारखंड राज्य सहकारी दूध उत्पादक महासंघ लिमिटेड, होशील से काम कर घर लौट रहे विकास कुमार को चार अपराधियों ने रोककर मोबाइल और रुपये लूट लिए थे। मामले में वशिष्ठ नगर थाना कांड संख्या 118/26 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
मामले के उद्भेदन के लिए गठित छापामारी टीम ने गुरुवार को कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी अरविंद कुमार (19), वीरेंद्र कुमार (20), अजीत कुमार (20) और प्रदीप कुमार (20) को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने अरविंद कुमार के पास से लूटा गया मोबाइल और रुपये बरामद किए हैं। अन्य आरोपियों से पूछताछ कर पुलिस घटना में उनकी भूमिका और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है।
