धनबाद। धनबाद पुलिस और अपराधियों के बीच हुई एक मुठभेड़ में कुख्यात बदमाश शंकर डे उर्फ शंकर महतो को गोली लग गई है, जिससे वह घायल हो गया है। यह मुठभेड़ मंगलवार की रात मनियाडीह थाना क्षेत्र में हुई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे तुरंत इलाज के लिए धनबाद के शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस लंबे समय से शंकर डे की तलाश कर रही थी। वह पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर स्थित सुभाषपल्ली का रहने वाला है। उस पर कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें मुख्य रूप से गोंदूडीह से लापता राम प्रताप की हत्या के मामले में और धनबाद के मशहूर कपड़ा व्यवसायी बिहारी लाल चौधरी हत्याकांड शामिल है। व्यवसायी की हत्या 25 जून, 2009 की रात को की गई थी।