रांची। झारखंड में कांग्रेस संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष केशव महतो कमलेश के प्रस्ताव पर अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) ने मुहर लगा दी है। इसके तहत अब राजधानी रांची की तर्ज पर धनबाद और जमशेदपुर में भी महानगर अध्यक्षों की नियुक्ति की जाएगी।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा ने इस निर्णय की जानकारी देते हुए बताया कि प्रदेश अध्यक्ष संगठन के विस्तार और उसकी संरचना को अधिक प्रभावी बनाने के लिए लगातार प्रयासरत हैं।
धनबाद और जमशेदपुर झारखंड के प्रमुख शहरी केंद्र हैं, जहां महानगर अध्यक्षों की नियुक्ति से सांगठनिक गतिविधियों को रफ्तार मिलेगी।
इससे कार्यकर्ताओं के बीच आपसी तालमेल बेहतर होगा और जनसमस्याओं को अधिक मजबूती से उठाया जा सकेगा।
केशव महतो कमलेश के नेतृत्व में पार्टी बूथ स्तर से लेकर महानगर स्तर तक संगठन को सक्रिय करने में जुटी है।
पार्टी का मुख्य उद्देश्य केवल सांगठनिक ढांचे का विस्तार करना नहीं, बल्कि कार्यकर्ताओं को जनता के बीच सक्रिय रखकर आम आदमी के अधिकारों और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए संघर्ष को और अधिक धारदार बनाना है। धनबाद और जमशेदपुर में महानगर अध्यक्षों का मनोनयन इसी दिशा में एक अहम पहल है।
