धनबाद। तोपचांची थाना क्षेत्र के रंगलीटांड में शुक्रवार को एक बड़ा दर्दनाक हादसा हो गया। रंगलीटांड स्थित तालाब में नहाने के दौरान गहरे पानी में चले जाने से तीन मासूम बच्चों की डूबकर मौत हो गई। मृतकों में दो बच्चियां और एक बच्चा शामिल हैं, जिनकी पहचान रलझल, कुंदरो और आभा के रूप में हुई है।

परिजनों के अनुसार तीनों बच्चे रोज की तरह शुक्रवार को भी घर के पास स्थित तालाब में नहाने गए थे। नहाने के दौरान वे धीरे-धीरे पानी के गहरे हिस्से में चले गए। इसी बीच एक बच्ची को डूबता देख बाकी दोनों बच्चों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन इस कोशिश में वे दोनों भी गहरे पानी की चपेट में आकर डूब गए।

घटना की भनक लगते ही मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने आनन-फानन में तीनों बच्चों को तालाब से बाहर निकाला और तत्काल धनबाद स्थित शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल ले गए। हालांकि, अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद तीनों बच्चों को मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। एक साथ तीन मासूमों की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।