देवघर। विश्व प्रसिद्ध श्रावणी और भादो मेला के शांतिपूर्ण समापन के बाद अब बाबा बैद्यनाथ की नगरी देवघर में पितृपक्ष की शुरुआत हो चुकी है। आश्विन कृष्ण पक्ष की प्रतिपदा तिथि के अवसर पर रविवार को शिवगंगा तीर्थ घाट पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली, जहां लोगों ने अपने पितरों के निमित्त श्रद्धापूर्वक तर्पण किया।
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार पितृपक्ष के दौरान पूरे विधि-विधान से तर्पण और पिंडदान करने से पूर्वजों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त होती है तथा उनका आशीर्वाद प्राप्त होता है। इसी अटूट आस्था के साथ तड़के से ही स्थानीय नागरिकों के साथ-साथ दूर-दराज से आए श्रद्धालुओं का शिवगंगा तट पर जुटना शुरू हो गया था।
धार्मिक आस्था का प्रमुख केंद्र मानी जाने वाली शिवगंगा में श्रद्धालुओं ने पहले आस्था की डुबकी लगाई और फिर मंत्रोच्चार के बीच अपने पूर्वजों का स्मरण करते हुए उन्हें जल अर्पित किया। पितृपक्ष के शेष दिनों में भी यहां तर्पण और पिंडदान के लिए श्रद्धालुओं की ऐसी ही मौजूदगी रहने की संभावना है।
