देवघर। साइबर थाना पुलिस ने एपीके फाइल भेजकर लोगों के मोबाइल का एक्सेस लेकर ठगी करने वाले 9 साइबर ठगों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से 18 मोबाइल फोन और 17 सिम कार्ड बरामद किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार आरोपी पीएम किसान योजना, बिजली बिल और आरटीओ चालान के नाम पर लोगों को APK फाइल भेजते थे। फाइल डाउनलोड करते ही मोबाइल का एक्सेस लेकर बैंक खातों से रकम उड़ा लेते थे। इसके अलावा आरोपी फ्लिपकार्ट, अमेजन पे समेत अन्य कंपनियों का फर्जी कस्टमर केयर अधिकारी बनकर कैशबैक का झांसा देकर गोपनीय जानकारी हासिल करते थे।

साइबर डीएसपी कैलाश प्रसाद महतो के नेतृत्व में सारठ थाना क्षेत्र में छापेमारी कर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों में निरंजन महरा, दीपक कुमार, आदर्श महरा, शुभम कुमार दास, राहुल कुमार दास, सौरभ कुमार दास, सुमित कुमार दास, कुन्दन दास और उत्तम कुमार दास शामिल हैं। पुलिस ने बरामद मोबाइल और सिम की जांच में साइबर ठगी में इनकी संलिप्तता की पुष्टि की है।