मेदिनीनगर। पलामू पुलिस के ऑपरेशन सफाया के तहत पांकी थाना क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने देसी कार्बाइन और गोलियों के साथ तीन संदिग्ध अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों का आपराधिक इतिहास रहा है और वे अफीम की खरीद-बिक्री करने वाले कारोबारियों को लूटने की योजना बना रहे थे। एसपी कपिल चौधरी के निर्देश पर पांकी एसडीपीओ प्रशांत कुमार के नेतृत्व में बनखेता गांव के कोलवा टोला के समीप छापेमारी की गई। तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से एक लोडेड देसी कार्बाइन, सात जिंदा गोलियां और एक खोखा बरामद किया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुमन गंझू, सकिंद्र गंझू और सुमन यादव, सभी निवासी सिकनी, थाना लावालौंग, चतरा के रूप में हुई है। एसपी कपिल चौधरी ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ अपराधी हथियार के बल पर व्यापारियों को लूटने की योजना बना रहे हैं। जांच में सामने आया कि आरोपी पांकी-चतरा क्षेत्र में अवैध रूप से अफीम की खरीद-बिक्री करने वालों को निशाना बनाने की तैयारी में थे।

पुलिस के मुताबिक आरोपियों के खिलाफ चतरा, हजारीबाग, लावालौंग, प्रतापपुर, मयूरहंड और बड़कागांव थाना क्षेत्रों में लूटपाट, आर्म्स एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में मामले दर्ज हैं। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर उनके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों का पता लगाने में जुटी है।

छापेमारी टीम में पांकी एसडीपीओ के अलावा पुअनि रविंद्र राहुल साय, रंजीत कुमार, सअनि अमित कुमार उपाध्याय समेत सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।