जमशेदपुर। समाहरणालय सभागार में उपायुक्त राजीव रंजन की अध्यक्षता में जिला समन्वय समिति की बैठक हुई। बैठक में जिले में संचालित विकास योजनाओं, आधारभूत संरचना निर्माण और जनहित से जुड़े कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ लंबित कार्यों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
बैठक में राजकीय पारामेडिकल संस्थान और एमजीएम मेडिकल कॉलेज के भवन एवं छात्रावास निर्माण के लिए चिन्हित भूमि के हस्तांतरण, रिजनल वैक्सीनेशन सेंटर के नए भवन, केजीबीवी डुमरिया में पेयजल व्यवस्था, जुगसलाई कन्या उच्च विद्यालय में 11 अतिरिक्त कक्षा-कक्षों के निर्माण तथा मुख्यमंत्री मइयां सम्मान योजना के तहत भुगतान से वंचित लाभुकों के सत्यापन और निराकरण समेत कई विषयों पर चर्चा हुई।
विभिन्न प्रखंडों में आंगनबाड़ी केंद्र भवन निर्माण के लिए भूमि उपलब्ध कराने, उत्क्रमित पशु चिकित्सा केंद्र मानगो के संचालन के लिए वैकल्पिक भवन, डिमना चौक पर डीवीसी की EHT लाइन की ऊंचाई बढ़ाने, आसनबनी में वाटर पाइपलाइन शिफ्टिंग, अवध डेंटल कॉलेज से बरसोल तक स्ट्रीट लाइट लगाने, मुसाबनी डिग्री कॉलेज की आवंटित भूमि पर बाउंड्री वॉल निर्माण और पाइपलाइन बिछाने के लिए एनओसी समेत अन्य आधारभूत संरचना संबंधी कार्यों की भी समीक्षा की गई।
उपायुक्त ने सभी प्रखंडों में छूटे हुए दिव्यांग बच्चों का सरकारी विद्यालयों में नामांकन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि यदि सभी दिव्यांग बच्चों का नामांकन हो चुका है तो जिला शिक्षा अधीक्षक इस संबंध में प्रमाण पत्र समर्पित करें। बच्चों के बैंक खाते खोलने की भी समीक्षा की गई। बताया गया कि करीब एक हजार बच्चों के बैंक खाते अभी नहीं खुले हैं। उपायुक्त ने एलडीएम के साथ समन्वय कर विशेष अभियान चलाकर पात्र बच्चों के बैंक खाते खुलवाने का निर्देश दिया, ताकि उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके।
इसके अलावा सभी प्रखंडों में खराब पड़े जलमीनारों की सूची तैयार कर प्राथमिकता के आधार पर मरम्मत कराने का निर्देश दिया गया। एमजीएम मेडिकल कॉलेज में आधारभूत संरचना से जुड़े मरम्मत कार्यों में तेजी लाने और लंबित कार्यों को शीघ्र पूरा करने को कहा गया।
उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि विकास और आधारभूत संरचना से जुड़े कार्यों में अनावश्यक विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। विभागीय स्तर पर आने वाली समस्याओं का आपसी समन्वय से समाधान करते हुए निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूरा किया जाए, ताकि योजनाओं का लाभ आम लोगों तक जल्द पहुंच सके।
बैठक में उप विकास आयुक्त नागेन्द्र पासवान, एसडीएम धालभूम अर्नव मिश्रा, अपर उपायुक्त अनुराग तिवारी, सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल, निदेशक एनईपी राजेश कुमार समेत जिला स्तरीय पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी घाटशिला, बीडीओ, सीओ एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।
