चतरा। जिले में चल रहे विकास एवं आधारभूत संरचना से जुड़े कार्यों की प्रगति की समीक्षा को लेकर उपायुक्त रवि आनंद ने रविवार को विभिन्न महत्वपूर्ण स्थलों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को लंबित कार्यों को तेजी से पूरा करने और गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने का निर्देश दिया।

निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने हेरुआ डैम, जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम के समीप निर्माणाधीन पिक्चर टाइम थियेटर, छठ तालाब के पास स्थित महादेवी वर्मा महिला कॉलेज और छठ तालाब का जायजा लिया।

हेरुआ डैम के निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने क्षेत्र के सौंदर्यीकरण और विकास को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने डैम परिसर में पार्क निर्माण, सोलर लाइट लगाने, पेवर ब्लॉक बिछाने समेत अन्य सौंदर्यीकरण कार्यों को योजनाबद्ध तरीके से जल्द पूरा कराने का निर्देश दिया।

वहीं निर्माणाधीन पिक्चर टाइम थियेटर का निरीक्षण करते हुए उन्होंने शेष कार्यों को तय समय सीमा के अंदर पूरा करने को कहा, ताकि लोगों को जल्द ही इस सुविधा का लाभ मिल सके।

इसके बाद उपायुक्त ने महादेवी वर्मा महिला कॉलेज परिसर का निरीक्षण किया। उन्होंने स्थानीय लोगों से कॉलेज के संचालन और वर्तमान स्थिति की जानकारी ली। इस दौरान कॉलेज बंद रहने के कारणों और भवन की जर्जर स्थिति का भी जायजा लिया गया। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

निरीक्षण के अंतिम चरण में उपायुक्त ने छठ तालाब का भी अवलोकन किया और जलस्तर सहित तालाब की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने जिले में चल रहे विकास कार्यों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने पर जोर दिया।