खूंटी। बिरसा कॉलेज में स्नातक स्तर पर नामांकन की सीटें बढ़ाने की मांग को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में विद्यार्थी बिरसा मुंडा की प्रतिमा के नीचे जुटे और सीट बढ़ाने की मांग को लेकर नारेबाजी की। विद्यार्थियों ने कहा कि बिरसा कॉलेज खूंटी और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों के लिए उच्च शिक्षा का प्रमुख केंद्र है। आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थी बाहर जाकर पढ़ाई नहीं कर सकते। ऐसे में सीटों की कमी से कई विद्यार्थी उच्च शिक्षा से वंचित हो सकते हैं। प्रदर्शन के दौरान विद्यार्थियों ने “सीट बढ़ाओ, विद्यार्थियों का भविष्य बचाओ” और “हर बच्चे को पढ़ने दो, बिरसा कॉलेज बढ़ने दो” जैसे नारे लगाए। एबीवीपी के प्रदेश मंत्री प्रकाश टुटी ने कहा कि सीटों की कमी से किसी विद्यार्थी का उच्च शिक्षा से वंचित होना पूरे परिवार के भविष्य से जुड़ा सवाल है। उन्होंने चेतावनी दी कि जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं हुआ तो एबीवीपी विद्यार्थियों के साथ लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक तरीके से आंदोलन को आगे बढ़ाएगा।