बोकारो । बोकारो विधायक श्वेता सिंह ने झारखंड विधानसभा में पिंड्राजोरा को प्रखंड का दर्जा देने की मांग प्रमुखता से उठाई। उन्होंने सदन के माध्यम से राज्य सरकार का ध्यान आकर्षित करते हुए कहा कि पिंड्राजोरा क्षेत्र को प्रखंड बनाना यहां की जनता की वर्षों पुरानी और बेहद महत्वपूर्ण मांग है।
विधायक श्वेता सिंह ने क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति, तेजी से बढ़ती आबादी और प्रशासनिक आवश्यकताओं का हवाला देते हुए कहा कि पिंड्राजोरा को प्रखंड का दर्जा मिलने से आम लोगों को सरकारी योजनाओं व सेवाओं का लाभ स्थानीय स्तर पर सुलभ हो सकेगा।
इससे न केवल प्रशासनिक कार्यों में तेजी आएगी, बल्कि पूरे क्षेत्र के समग्र विकास को भी नई दिशा मिलेगी। उन्होंने जोर देकर कहा कि यह केवल प्रशासनिक पुनर्गठन का मामला नहीं है, बल्कि स्थानीय जनता की सुविधा, सम्मान और बेहतर भविष्य से जुड़ा विषय है। विधायक ने राज्य सरकार से जनभावनाओं का सम्मान करते हुए इस दिशा में जल्द से जल्द सकारात्मक पहल करने का आग्रह किया। श्वेता सिंह ने दोहराया कि जनता की इस वाजिब मांग को सदन में उठाना बोकारो के सर्वांगीण विकास और जनहित के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
