रामगढ़। बड़कागांव विधायक रोशन लाल चौधरी ने पतरातू में राज्य स्तरीय पर्यटन प्रबंधन संस्थान की स्थापना की मांग को लेकर पर्यटन निदेशालय, झारखंड के निदेशक नमन प्रियेश लकड़ा से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा।

विधायक ने कहा कि झारखंड प्राकृतिक सुंदरता, धार्मिक स्थलों और सांस्कृतिक विरासत से समृद्ध राज्य है। हुंडरू फॉल, दशम फॉल, नेतरहाट, बैद्यनाथ धाम, पारसनाथ, मां छिन्नमस्तिका मंदिर और पतरातू डैम जैसे पर्यटन स्थलों में देश के प्रमुख पर्यटन केंद्र बनने की क्षमता है।

उन्होंने कहा कि पर्यटन क्षेत्र में संभावनाओं के बावजूद राज्य में होटल मैनेजमेंट, टूरिज्म और हॉस्पिटैलिटी से जुड़े उच्च स्तरीय प्रशिक्षण संस्थानों की कमी है, जिससे स्थानीय युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के पर्याप्त अवसर नहीं मिल पा रहे हैं।

विधायक ने पतरातू में पर्यटन प्रबंधन संस्थान स्थापित कर होटल मैनेजमेंट, इको-टूरिज्म, एडवेंचर टूरिज्म, ट्रैवल मैनेजमेंट और हॉस्पिटैलिटी जैसे विषयों में प्रशिक्षण की व्यवस्था करने की मांग की। उन्होंने कहा कि इससे युवाओं को कौशल विकास के साथ रोजगार के नए अवसर मिलेंगे और झारखंड के पर्यटन उद्योग को नई दिशा मिलेगी।

पर्यटन निदेशक ने विधायक की मांग पर सकारात्मक पहल का आश्वासन दिया। विधायक ने कहा कि पतरातू में संस्थान की स्थापना क्षेत्र के युवाओं और राज्य के पर्यटन विकास के लिए महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।