जमशेदपुर । मलेरिया और डेंगू के बढ़ते खतरे को देखते हुए जुगसलाई नगर परिषद के पार्षद अनिल मोदी और सत्यनारायण अग्रवाल ने शुक्रवार को सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल से मुलाकात कर क्षेत्र में तत्काल एंटी लारवा छिड़काव कराने की मांग की।
पार्षदों ने बताया कि जुगसलाई घनी आबादी वाला क्षेत्र है, लेकिन नगर परिषद की ओर से नियमित एंटी लारवा छिड़काव नहीं कराया जा रहा है। इससे मच्छरजनित बीमारियों के फैलने का खतरा बढ़ गया है। उन्होंने जनस्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए पूरे क्षेत्र में शीघ्र अभियान चलाने का आग्रह किया।
सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल ने मांग को गंभीरता से लेते हुए कहा कि सामान्यतः शहरी क्षेत्रों में एंटी लारवा छिड़काव की जिम्मेदारी संबंधित नगर निकाय की होती है। इसके बावजूद जुगसलाई की स्थिति को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग हरसंभव सहयोग करेगा।
मुलाकात के दौरान सिविल सर्जन ने टाटा स्टील यूआईएसएल (पूर्व जुस्को) के अधिकारियों से दूरभाष पर बातचीत कर जुगसलाई के संवेदनशील इलाकों में जल्द छिड़काव शुरू करने का अनुरोध किया। इस पर यूआईएसएल के अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि 1 अगस्त से चिन्हित क्षेत्रों में एंटी लारवा छिड़काव अभियान शुरू कर दिया जाएगा।
पार्षदों ने स्वास्थ्य विभाग और टाटा स्टील यूआईएसएल के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उम्मीद जताई कि संयुक्त प्रयासों से जुगसलाई में मलेरिया और डेंगू की रोकथाम को लेकर प्रभावी कदम उठाए जाएंगे।
