बोकारो। झारखंड आंदोलनकारी युवा मोर्चा के केंद्रीय अध्यक्ष ललित नारायण के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को रांची में राजस्व, निबंधन एवं भूमि सुधार मंत्री दीपक बिरुआ से मुलाकात की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने बोकारो के विस्थापितों की वर्षों से लंबित समस्याओं से मंत्री को अवगत कराया और संबंधित दस्तावेज सौंपे। ललित नारायण ने बताया कि बोकारो स्टील प्लांट के लिए अधिग्रहित जमीन के बदले विस्थापितों की नियुक्ति, पुनर्वास, मुआवजा और जमीन का पर्चा निर्गत करने समेत कई मामले लंबे समय से लंबित हैं। उन्होंने डीपीएलआर कार्यालय को बंद करने के प्रयास का आरोप लगाते हुए कहा कि इससे विस्थापितों की समस्याओं के समाधान में और अधिक परेशानी होगी। प्रतिनिधिमंडल ने बीएसएल के प्रस्तावित विस्तारीकरण के लिए अधिग्रहित जमीन के मुआवजे और रोजगार से जुड़े मामलों की जानकारी भी मंत्री को दी। प्रतिनिधिमंडल ने इन मामलों में शीघ्र पहल कर विस्थापित परिवारों को न्याय दिलाने की मांग की। मंत्री दीपक बिरुआ ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि सभी मामलों की जांच कराई जाएगी और नियमानुसार समस्याओं का समाधान करने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। प्रतिनिधिमंडल में पुष्कर महतो, विदेशी महतो, राजदेव महथा और सविता देवी शामिल थीं।