देवघर। नगर थाना क्षेत्र के नंदन पहाड़ मुहल्ला स्थित सेवा धाम के पास चोरों ने एक सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया है। बेखौफ अपराधियों ने स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (एसबीआई) की पूरी एटीएम मशीन ही फिल्मी अंदाज में उखाड़ ली और उसमें मौजूद करीब 4.82 लाख रुपये निकालकर फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार घटना अहले सुबह लगभग 3:30 बजे की है। चोरों ने सबसे पहले एटीएम रूम का शटर तोड़ा। इसके बाद गैस कटर की मदद से एटीएम मशीन को काटकर बाहर निकाला और उसे रस्सी से बांध दिया। शातिर चोर मशीन को लगभग 500 मीटर तक सड़क पर घसीटते हुए एक सुनसान जगह तक ले गए, जहां से उसे कार में लोड कर फरार हो गए।
घटना का पता तब चला जब पटना स्थित एसबीआई के एटीएम कंट्रोलिंग ऑफिस से अलर्ट जारी हुआ। इसके तुरंत बाद पुलिस को मामले की जानकारी दी गई। सूचना मिलते ही पीसीआर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिया। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने देवीपुर में एम्स के पास से क्षतिग्रस्त एटीएम मशीन को बरामद कर लिया है, हालांकि उसमें मौजूद 4.82 लाख रुपये गायब थे।
इस दुस्साहसिक वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई है। पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और उसके आधार पर अपराधियों की पहचान व गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
