रांची/रामगढ़/धनबाद। रात के समय मुख्य सड़कों के किनारे और नो-पार्किंग जोन में भारी एवं मालवाहक वाहनों के अनधिकृत ठहराव से हो रही सड़क दुर्घटनाओं पर रोक लगाने के लिए पूरे झारखंड में व्यापक जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में शनिवार को रामगढ़ और धनबाद जिलों में परिवहन विभाग एवं नेशनल हाइवे टास्क फोर्स ने विशेष औचक जांच चलाकर नियमों का उल्लंघन करने वाले दर्जनों वाहनों के चालान काटे और लाखों रुपये का जुर्माना वसूला।
रामगढ़: एनएच-33 पर औचक जांच, 12 वाहनों पर 2.42 लाख से अधिक का जुर्माना
रामगढ़ उपायुक्त ऋतुराज के निर्देश पर जिला परिवहन पदाधिकारी राजेश एक्का के नेतृत्व में एनएच-33 स्थित चुट्टूपालू घाटी, पटेल चौक और कुज्जू सहित कई प्रमुख स्थलों पर सघन जांच अभियान चलाया गया। टीम ने सड़क किनारे और नो-पार्किंग क्षेत्र में खड़े कुल 29 भारी एवं मालवाहक वाहनों के दस्तावेजों—पंजीकरण, परमिट, फिटनेस, बीमा, प्रदूषण प्रमाण-पत्र और चालक अनुज्ञप्ति (ड्राइविंग लाइसेंस)—की जांच की।
नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर 12 वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए 2,42,500 का जुर्माना लगाया गया। जिला परिवहन पदाधिकारी राजेश एक्का ने चालकों और मालिकों को ताकीद की कि रात्रि में सड़क किनारे अवैध पार्किंग न करें, क्योंकि इससे दृश्यता कम होती है और गंभीर दुर्घटनाएं घटती हैं।
धनबाद जिले में भी सड़कों पर बेतरतीब और अनधिकृत पार्किंग पर नकेल कसने के लिए नेशनल हाइवे टास्क फोर्स की टीम ने शनिवार को अभियान चलाया। सड़क किनारे अवैध रूप से खड़े 45 वाहनों का चालान काटा गया। इन वाहनों से लगभग 3 लाख का जुर्माना वसूला गया।
सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने और हादसों में कमी लाने के उद्देश्य से राज्यभर में जिला प्रशासन और परिवहन विभाग का यह संयुक्त अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेगा। नो-पार्किंग जोन या मुख्य मार्ग पर वाहन खड़े करने वालों के खिलाफ नियमों के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
