रांची। कांग्रेस ने अपने मंत्री राधाकृष्ण किशोर के मामले पर एकजुटता दिखाई है। अलग-अलग विषयों पर उनके स्टैंड को जायज बताया है। झारखंड के कांग्रेस प्रभारी के राजू ने कहा कि हेमंत कैबिनेट के मंत्री और कांग्रेस विधायक राधाकृष्ण किशोर की शिकायतें उचित हैं। उनके मामले में पार्टी के सभी विधायक और नेता एकजुट हैं। कहीं कोई उलझन नहीं है। मंत्री राधाकृष्ण किशोर के मामले में कांग्रेस ने अपनी मंशा जाहिर कर दी है।
राज्य प्रभारी के राजू ने कहा कि निश्चित रूप से अब तक राधाकृष्ण किशोर जो विषय उठा रहे हैं, वे उचित हैं। केंद्र और राज्य में भी मंत्रियों के लिए कुछ प्रोटोकोल निर्धारित हैं। ऐसे में यहां की नौकरशाही को भी इसका पालन करना ही चाहिए। वे अगर पत्र लिख रहे हैं और इसका जवाब नहीं आ रहा तो यह अनुचित है। पत्र पर जवाब आना ही चाहिए। इससे डेमोक्रेसी भी मजबूत होती है।

गौरतलब है कि पिछले कुछ समय से राधा कृष्ण किशोर को लेकर झारखंड की सियासत में लगातार चर्चा होती रही है। मंत्री होने के बावजूद कुछ विषयों पर उनके स्टैंड को लेकर सत्ता पक्ष भी असहज होता दिखा है। खासकर कांग्रेस दोराहे पर खड़ी दिखी है। जेटेट में भोजपुरी, मगही जैसी भाषाओं को शामिल किए जाने को लेकर राधा कृष्ण का स्टैंड रहा हो या अपने सुरक्षा कर्मियों के लिए गाड़ी की मांग को लेकर डीजीपी को पत्र लिखना या अपने सुरक्षा गार्ड को वापस करना हो, इन विषयों ने खूब सुर्खियां बटोरीं। पिछले दिनों दिल्ली में राज्य सरकार की ओर से नेशनल स्टेकहोल्डर कंसल्टेशन में वह नहीं गये।
