नेमरा। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन इन दिनों अपनी दिवंगत माता स्व. रूपी सोरेन के श्राद्धकर्म के सिलसिले में अपने पैतृक गांव नेमरा (रामगढ़) में हैं। यहां शोक संवेदना व्यक्त करने आने वाले लोगों के साथ-साथ अपनी समस्याएं लेकर पहुंचने वाले आमजनों की भी भारी भीड़ जुट रही है। मुख्यमंत्री ने लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उनके आवेदन स्वीकार किए और अधिकारियों को त्वरित निष्पादन के निर्देश दिए।
इसी जनसंवाद के दौरान रामगढ़ जिले के बेराटांड़ (भरेच नगर) निवासी रामकिशुन बेसरा ने अपने छह वर्षीय पुत्र अनूप बेसरा के इलाज के लिए मुख्यमंत्री से गुहार लगाई थी। अनूप का इलाज क्रिश्चियन मेडिकल कॉलेज (सीएमसी), वेल्लौर में चल रहा है, जहां डॉक्टरों ने उसके कान का इंटरनल इयर बदलने की सलाह दी थी। अत्यधिक खर्च और आर्थिक तंगी के कारण परिवार इलाज कराने में असमर्थ था।
मुख्यमंत्री ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तुरंत प्रशासनिक कार्रवाई के निर्देश दिए। रामगढ़ जिला प्रशासन ने तत्परता दिखाते हुए मुख्यमंत्री गंभीर बीमारी उपचार योजना के तहत महज 48 घंटे के भीतर सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर लीं। नेमरा में ही मुख्यमंत्री ने अनूप बेसरा के इलाज के लिए 10 लाख रुपये का चेक उसके परिजनों को सौंपा। आर्थिक मदद मिलने से अब अनूप का बेहतर इलाज आसानी से हो सकेगा।
नेमरा में गुरुवार को बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। केन्द्रीय मंत्री, मंत्री, विधायक, मेयर, पूर्व मंत्री, पूर्व विधायक, विभिन्न राजनीतिक दलों के वरिष्ठ नेतागण, अधिकारी सहित बड़ी संख्या में आमलोग पहुंचे और मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन की पूजनीय माता स्व. रूपी सोरेन की तस्वीर पर पुष्पांजलि कर श्रद्धसुमन अर्पित किया।
मुख्यमंत्री से मिलने वालों में केन्द्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी, मंत्री दीपक विरूआ, विधायक संजय सिंह यादव, विधायक आलोक सोरेन, विधायक अमित कुमार यादव, रांची की मेयर रोशनी खलखो, पूर्व केन्द्रीय मंत्री सुबोध कांत सहाय, पूर्व मंत्री हेमलाल मुर्मू, पूर्व मंत्री मिथिलेश ठाकुर, पूर्व विधायक विनोद सिंह,पूर्व विधायक अकील अख्तर, पूर्व विधायक निजामुद्दीन अंसारी, पूर्व विधायक नारायण दास, पूर्व विधायक ताला मरांडी, बिहार के पूर्व विधायक ललन कुमार, सहित भारतीय प्रशासनिक सेवा, भारतीय पुलिस सेवा, झारखंड लोक सेवा के अधिकारीगण, भारतीय स्टेट बैंक के अधिकारीगण टाटा ग्रुप के अधिकारीगण, खिलाड़ी, रांची नगर निगम क्षेत्र के पार्षदगण शामिल थे।
