बड़कागांव। अवैध कोयला खनन और तस्करी के खिलाफ सीआईएसएफ इकाई एनटीपीसी-सीएमपी, हजारीबाग ने बड़ी कार्रवाई की है। खान एवं खनिज अधिनियम के तहत चलाए गए विशेष अभियान में बड़कागांव प्रखंड के ग्राम लकूरा स्थित जंगल और झाड़ियों के बीच संचालित चार अवैध रैट-होल कोयला खदानों को बंद कराया गया। सीआईएसएफ की यह कार्रवाई उप कमांडेन्ट सुरेश कुमार के निर्देशन में की गई। अभियान का उद्देश्य क्षेत्र में चल रहे अवैध कोयला खनन, कोयला तस्करी और उससे जुड़ी आपराधिक गतिविधियों पर रोक लगाना था। यह क्षेत्र एनटीपीसी-सीएमपी, हजारीबाग को आवंटित है, जहां भविष्य में कोयला खनन कार्य प्रस्तावित है। जानकारी के अनुसार, 3 अगस्त 2026 की रात करीब 2 बजे सीआईएसएफ टीम ने लकूरा गांव के जंगल क्षेत्र में जांच अभियान चलाया। इस दौरान अवैध रूप से संचालित चार रैट-होल खदानों का पता चला। इसके बाद जेसीबी मशीन की मदद से सभी खदानों को ध्वस्त कर पूरी तरह बंद करा दिया गया और मौके पर अवैध खनन गतिविधियों को रोक दिया गया।