रांची। झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (जेएसएससी) की सीजीएल परीक्षा में हुई गड़बड़ी की जांच को लेकर अपराध अनुसंधान विभाग (सीआईडी) की कार्रवाई तेज हो गई है। शुक्रवार को सीआईडी की टीम जेएसएससी कार्यालय पहुंची और सीजीएल समेत कई अन्य परीक्षाओं से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त कर लिए।
छापेमारी और जांच के दौरान सीआईडी अधिकारियों ने आयोग के सचिव सुधीर कुमार गुप्ता समेत कई अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों के बयान दर्ज किए। कार्रवाई के तहत जब्त किए गए सभी कागजातों की आधिकारिक रिसीविंग भी संबंधित अधिकारियों से कराई गई है।
मामले की तह तक जाने के लिए सीआईडी ने वेबेल और INC जैसी एजेंसियों की नियुक्ति से संबंधित दस्तावेज भी अपने कब्जे में लिए हैं। जांच टीम एजेंसियों की नियुक्ति कब और किन प्रक्रियाओं के तहत हुई?इन कंपनियों को आयोग की ओर से कब-कौन से काम सौंपे गए?एजेंसियों ने पूर्व में कौन-कौन सी परीक्षाएं आयोजित कराई थीं? जैसी बिंदुओं की पड़ताल कर रही है।
