रामगढ़। चुटूपालू घाटी में रविवार को बड़ा सड़क हादसा हुआ। रांची से रामगढ़ आ रहा एक कंटेनर ब्रेक फेल होने के बाद अनियंत्रित होकर आगे चल रही होंडा कार पर चढ़ गया। हादसे में कार सवार एक महिला की मौत हो गई, जबकि पांच लोग घायल हो गए। घायलों में रामगढ़ मुख्यालय डीएसपी अकरम रजा के परिवार के सदस्य भी शामिल हैं। बताया गया कि कंटेनर का ब्रेक फेल होने के बाद चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और कंटेनर कार को अपनी चपेट में लेते हुए उसके ऊपर चढ़ गया। कार कंटेनर के नीचे बुरी तरह दब गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हाइड्रा व क्रेन की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला। हादसे में डीएसपी अकरम रजा की मौसी सारा तबस्सुम (45) की मौत हो गई। वहीं फिरोज राही (48), तरजा सलियां (23), सिफ्ता ताजमीन, अमीरा ताजमीन (10) और अनुजा तबस्सुम घायल हुए हैं। सभी घायलों को सदर अस्पताल और निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया। घटना की जानकारी मिलने पर रामगढ़ एसपी मुकेश कुमार लुणायत, एसडीपीओ आलोक रंजन समेत अन्य पुलिस अधिकारी अस्पताल पहुंचे और घायलों के स्वास्थ्य की जानकारी ली।