रामगढ़। जिले के चुट्टूपालू घाटी क्षेत्र में नेटवर्क कनेक्टिविटी की समस्या से जल्द राहत मिलने की उम्मीद जगी है। घाटी में बार-बार होने वाली सड़क दुर्घटनाओं के दौरान त्वरित राहत और बचाव कार्य सुनिश्चित करने के लिए उपायुक्त रामगढ़, ऋतुराज ने बुधवार को क्षेत्र का विस्तृत निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान यह पाया गया कि घाटी में मोबाइल टावर न होने की वजह से नेटवर्क सेवा पूरी तरह बाधित रहती है। इसके कारण किसी भी हादसे के बाद एम्बुलेंस, पुलिस बल और राहत टीम जैसी आपातकालीन सेवाओं को समय पर सूचना भेजना बेहद कठिन हो जाता है।
दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और आपातकालीन रिस्पांस टाइम को बेहतर बनाने के उद्देश्य से उपायुक्त ने 'जिओ' (Jio) की तकनीकी टीम को तुरंत कार्रवाई का निर्देश दिया। उन्होंने टीम को घाटी क्षेत्र में नए टावर के लिए उपयुक्त स्थल का सर्वे कर शीघ्र एक विस्तृत प्रस्ताव जिला प्रशासन को सौंपने को कहा, जिससे टावर लगाने की प्रक्रिया बिना किसी विलंब के शुरू की जा सके।
निरीक्षण के दौरान नेटवर्क कनेक्टिविटी के अलावा घाटी के ब्लैक स्पॉट्स की पहचान और अन्य सड़क सुरक्षा उपायों पर भी गहन चर्चा हुई।
इस दौरान वन प्रमंडल पदाधिकारी नितेश कुमार, प्रभारी पदाधिकारी (गोपनीय शाखा) रविंद्र कुमार गुप्ता, डीपीओ (यूआईडी) आरती पंकज, अंचल अधिकारी रामगढ़, जिओ की तकनीकी टीम और जिला प्रशासन के कई अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
