मेदिनीनगर। पलामू पुलिस ने जिले में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं पर बड़ी सफलता हासिल करते हुए अंतरप्रांतीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। नौडिहा बाजार थाना पुलिस ने 50 लाख से अधिक मूल्य के चोरी किए गए इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और तीन मोटरसाइकिल बरामद कर मास्टरमाइंड सहित दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया मुख्य आरोपी पूर्व पंचायत समिति सदस्य अवधेश कुमार भुईयां है, जो अपने साले अमोद भुईयां के साथ मिलकर इस पूरे नेटवर्क का संचालन कर रहा था।
पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी ने प्रेस वार्ता में बताया कि जिले के छतरपुर, पाटन प्रखंड कार्यालयों, बिजली विभाग, नावाटांड, नामुदाग हाई स्कूल और कई निजी दुकानों में पिछले दो वर्षों से चोरी की वारदातें हो रही थीं। इस संबंध में मिली गुप्त सूचना के आधार पर छतरपुर एसडीपीओ प्रशांत कुमार के नेतृत्व में एक छापेमारी टीम का गठन किया गया।
पुलिस टीम ने नामुदाग गांव स्थित अवधेश कुमार भुईयां के घर पर छापेमारी की। मौके से भारी मात्रा में चोरी के कंप्यूटर, प्रिंटर, सीपीयू, लैपटॉप, इन्वर्टर, बैट्री, होम थिएटर समेत दर्जनों इलेक्ट्रॉनिक्स सामान और तीन चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की गईं। एसपी ने बताया कि गिरोह द्वारा अब तक चुराए गए बाकी सामान बेचे जा चुके हैं, जिनकी पुलिस गहनता से छानबीन कर रही है।
एसपी के अनुसार आरोपी अवधेश भुईयां वर्ष 2010 में पंचायत समिति सदस्य रह चुका है। अपने पद का फायदा उठाकर वह विभिन्न सरकारी कार्यालयों और संस्थाओं में जाकर पहले रेकी करता था। इसके बाद वह अपने साले अमोद के साथ मिलकर रात में चोरी की घटना को अंजाम देता था। इस गिरफ्तारी से क्षेत्र के करीब दो दर्जन से अधिक चोरी के मामलों का खुलासा हुआ है।
इस सफल छापेमारी दल में छतरपुर एसडीपीओ प्रशांत कुमार के साथ नौडिहा बाजार थाना प्रभारी नीरज कुमार, एसआई मनोज कुमार सिंह, एएसआई राजेश बैठा और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
