चतरा। राजधानी रांची में छात्रों पर कथित पुलिस कार्रवाई के विरोध में भाजपा के आह्वान पर मंगलवार को चतरा बंद का आंशिक असर देखने को मिला। भाजपा कार्यकर्ता सुबह से ही सड़क पर उतर गए और शहर के विभिन्न इलाकों में घूमकर दुकानदारों एवं प्रतिष्ठान संचालकों से अपने प्रतिष्ठान बंद रखने का आग्रह किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की।
भाजपा कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि झारखंड लोक सेवा आयोग और झारखंड कर्मचारी चयन आयोग की परीक्षाओं एवं नियुक्ति प्रक्रियाओं को लेकर आंदोलन कर रहे छात्रों पर कथित रूप से लाठी-डंडे, आंसू गैस और पानी की बौछार का इस्तेमाल किया गया।
बंद के दौरान एंबुलेंस, मरीजों, कांवरियों और अन्य आवश्यक सेवाओं को बंद से मुक्त रखा गया। कार्यकर्ताओं ने कहा कि छात्रों की मांगों को लेकर सरकार को संवेदनशीलता के साथ पहल करनी चाहिए।
