रामगढ़। भाजपा जिला कार्यालय रामगढ़ में प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू की अध्यक्षता में प्रदेश पदाधिकारियों और सभी मोर्चों के अध्यक्षों की मासिक बैठक हुई। बैठक में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी और प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह समेत पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे।
बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने हेमंत सरकार पर छात्रों और युवाओं के साथ अन्याय करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि छात्र पिछले 21 दिनों से शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन कर रहे हैं और उनकी मुख्य मांग पिछले सात वर्षों में हुई सभी भर्ती परीक्षाओं की सीबीआई जांच कराने की है।
आदित्य साहू ने कहा कि सरकार छात्रों की मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा छात्रों के शांतिपूर्ण आंदोलन को नैतिक समर्थन देती है और राज्य सरकार को सभी भर्ती परीक्षाओं की सीबीआई जांच की अनुशंसा तत्काल करनी चाहिए।
उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले सात वर्षों में JSSC और JPSC की परीक्षाओं में बड़े पैमाने पर अनियमितताएं हुई हैं और इससे युवाओं के भविष्य पर असर पड़ा है। उन्होंने कहा कि बारिश के बीच छात्र लगातार आंदोलन कर रहे हैं, लेकिन सरकार उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दे रही है।
साहू ने कहा कि यह मुद्दा अब केवल झारखंड तक सीमित नहीं रहा है। दिल्ली में भी NDA सांसदों ने छात्रों के समर्थन में आवाज उठाई है। उन्होंने कांग्रेस और राहुल गांधी पर भी छात्रों के मुद्दे पर दोहरे रवैये का आरोप लगाया।
बैठक में आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों की समीक्षा की गई और भविष्य की गतिविधियों की रणनीति पर चर्चा हुई। प्रदेश पदाधिकारियों की अगली मासिक बैठक दुमका में आयोजित करने का निर्णय लिया गया।
इससे पहले भाजपा नेताओं ने जिला कार्यालय परिसर में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण किया। बैठक में प्रदेश उपाध्यक्ष, महामंत्री, मंत्री, विभिन्न मोर्चों के अध्यक्ष समेत बड़ी संख्या में पदाधिकारी मौजूद रहे।
