चतरा। पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी के निर्देश पर चतरा पुलिस ने सिमरिया थाना क्षेत्र में मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 985 ग्राम अफीम के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद अफीम की कीमत करीब 5 लाख रुपये बताई गई है।

मंगलवार को सिमरिया अनुमंडल मुख्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में एसडीपीओ नागरगोजे शुभम भाऊसाहब ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ लोग लावालौंग थाना क्षेत्र से अफीम की खेप लेकर पत्थलगड्डा थाना क्षेत्र में बिक्री करने जा रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने लावालौंग-बगरा रोड पर वाहन जांच अभियान चलाया।

इसी दौरान मोटरसाइकिल से आ रहे दो संदिग्ध युवकों को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उनके पास से 985 ग्राम अवैध अफीम बरामद हुई। पुलिस ने मौके से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान लावालौंग थाना क्षेत्र के टुनगुन गांव निवासी सुधीर ठाकुर (32 वर्ष), पिता नान्हू ठाकुर और खनगड्डा गांव निवासी सुरेश गंझू (35 वर्ष), पिता स्व. सोमर गंझू के रूप में हुई है।

मामले में सिमरिया थाना कांड संख्या 145/26, दिनांक 17 अगस्त 2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 08/17(बी)/18(सी)/28/29 के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

छापेमारी टीम में सिमरिया के अंचलाधिकारी, थाना प्रभारी पुअनि अमित कुमार गुप्ता, आरक्षी संजीव कुमार, आरक्षी शंकर प्रसाद मेहता समेत सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।