चतरा। सदर थाना पुलिस ने नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 14.93 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया है। बरामद ब्राउन शुगर की अनुमानित कीमत करीब तीन लाख रुपये बताई गई है।

सदर थाना प्रभारी सह पुलिस निरीक्षक अनिल उरांव ने बताया कि मंगलवार शाम पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी को गुप्त सूचना मिली थी कि पुलिस लाइन से सटे जितनी मोड़ के आगे बहेड़ा टांड़ स्थित खाली मैदान में ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री होने वाली है। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने मौके पर छापेमारी कर दो युवकों को गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सदर थाना क्षेत्र के कुंजरटोली निवासी मोहम्मद राजा उर्फ तालीम (28) और असढ़ीया गांव निवासी आदित्य कुमार यादव (22) के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान राजा के पास से कागज में लिपटा 1.58 ग्राम और आदित्य के पास से प्लास्टिक में रखा 13.35 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद किया गया।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर सदर थाना लाया। मामले में सदर थाना कांड संख्या 336/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 21, 22, 27, 28 और 29 में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।