​चतरा। सदर थाना क्षेत्र के बिंड मोहल्ला स्थित शहादत चौक में बीते 16 अगस्त को हुई गोलीबारी की घटना का खुलासा करते हुए चतरा पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने सोमवार तड़के कुल्लू मोड़ से उस वक्त दोनों को दबोचा, जब वे हजारीबाग भागने की फिराक में थे।

​गिरफ्तार आरोपियों में शहादत चौक निवासी मो. अकबर उर्फ रोहित और मो. समीर कुरैशी शामिल हैं। दोनों के पास से एक देशी कट्टा, दो जिंदा कारतूस, एक चाकू, एक पल्सर मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।

​सोमवार को आयोजित प्रेस वार्ता में एसपी अनिमेष नैथानी ने बताया कि इस गोलीबारी में मो. शहजाद कुरैशी नामक युवक घायल हो गया था। मामले में सदर थाना में कांड संख्या 346/26 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी। दोनों आरोपियों का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है और उनके खिलाफ पूर्व से कई मामले दर्ज हैं।

​एसपी के अनुसार एसडीपीओ सन्नी वर्धन के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया था, जिसने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों अपराधियों को सलाखों के पीछे भेज दिया।