चतरा। एसपी अनिमेष नैथानी ने बुधवार को अपने कार्यालय कक्ष में जिले के सभी पुलिस उपाधीक्षक, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पुलिस निरीक्षक एवं थाना प्रभारियों के साथ अपराध समीक्षा बैठक की। बैठक में जिले की कानून-व्यवस्था और अपराध नियंत्रण को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई।

एसपी ने संगठित अपराध, चोरी और छिनतई की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने के लिए पुलिस अधिकारियों को सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने महिला अत्याचार, छेड़खानी, दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट से जुड़े मामलों की विशेष निगरानी करते हुए लंबित कांडों का जल्द निष्पादन करने को कहा।

थाना प्रभारियों को निर्देश दिया गया कि थानों में लंबित जमानती और गैर-जमानती वारंट, इश्तेहार तथा कुर्की-जब्ती की कार्रवाई के लिए विशेष अभियान चलाकर मामलों का निष्पादन सुनिश्चित करें।

बैठक में साइबर अपराध, महिला सुरक्षा और सड़क सुरक्षा को लेकर आम लोगों के बीच जागरूकता अभियान चलाने पर भी जोर दिया गया। एसपी ने जिले में अवैध मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री वाले स्थानों को चिन्हित करने तथा इसमें संलिप्त लोगों की पहचान कर विशेष अभियान चलाकर गिरफ्तारी करने का निर्देश दिया।

एसपी ने कहा कि साम्प्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाले लोगों पर भी पुलिस की पैनी नजर रहे। ऐसे व्यक्तियों के खिलाफ सीसीए, थाना हाजिरी और गुंडा पंजी में नाम दर्ज कराने का प्रस्ताव तैयार करने का निर्देश दिया गया।

उन्होंने सभी थाना प्रभारियों से आम लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुनने और उनका समयबद्ध तरीके से समाधान सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही जेल से बाहर आए अपराधियों की सूची तैयार कर उनकी गतिविधियों पर लगातार नजर रखने का निर्देश दिया, ताकि किसी भी संभावित आपराधिक गतिविधि को समय रहते रोका जा सके।