बोकारो। चास थाना क्षेत्र में चोरों ने पुलिस सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती देते हुए बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। महावीर चौक के पास चास थाना से महज करीब 500 मीटर की दूरी पर एक मकान को निशाना बनाकर चोर लाखों रुपये के जेवरात और नकदी लेकर फरार हो गए। जानकारी के अनुसार, 15 अगस्त की देर रात करीब 2 से 3 बजे के बीच चोर मकान की दक्षिण दिशा स्थित खिड़की तोड़कर अंदर दाखिल हुए। घटना के समय परिवार के सदस्य ऊपर की मंजिल पर सो रहे थे। चोरों ने घर से करीब 70 हजार रुपये नकद के अलावा सोने की अंगूठियां, हार, चेन, चूड़ियां, लॉकेट, कान की बालियां, मांगटीका, चांदी के आभूषण और मोबाइल फोन चोरी कर लिए। परिजनों के मुताबिक, चोरी गए सामान की अनुमानित कीमत करीब 25 से 30 लाख रुपये है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि चोरों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जा सके। घटना के बाद स्थानीय लोगों में भी चिंता है। लोगों ने इलाके में बढ़ती असामाजिक गतिविधियों को देखते हुए रात के समय पुलिस गश्त बढ़ाने और संदिग्ध लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।