​जमशेदपुर। चांडिल थाना क्षेत्र स्थित टेंथ माइल स्टोन होटल परिसर में सोमवार दोपहर करीब 3.30 बजे बेखौफ अपराधियों ने कदमा निवासी व होटल कारोबारी निखार सबलोक की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद दो अपराधी मौके से फरार हो गए। अचानक हुई अंधाधुंध फायरिंग से पूरे होटल परिसर में अफरा-तफरी मच गई।

​जानकारी के अनुसार होटल कारोबारी निखार सबलोक अपने कुछ साथियों के साथ व्यवसाय से जुड़ी एक मीटिंग के सिलसिले में होटल आए थे। मीटिंग समाप्त होने के बाद जैसे ही वे होटल की सीढ़ियों से उतरकर अपनी गाड़ी की ओर बढ़े, परिसर में पहले से घात लगाए बैठे दो अपराधियों ने उन पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं।

​निखार को कुल चार गोलियां लगीं। गोलियों की आवाज सुनते ही बाहर गाड़ी में इंतजार कर रहे उनके दोस्त तुरंत मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल निखार को गाड़ी से टीएमएच अस्पताल लेकर गए। हालांकि,अस्पताल में डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

​घटना की जानकारी मिलते ही चांडिल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल से 9 खोखे बरामद किए हैं। हत्या के कारणों और इसके पीछे शामिल लोगों का पता लगाने के लिए पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है।

​निखार सबलोक होटल कारोबार से जुड़े होने के साथ-साथ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सक्रिय कार्यकर्ता थे और उन्हें विधायक सरयू राय का भी करीबी माना जाता था। दिनदहाड़े हुई इस हत्या की वारदात से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।