चतरा। जिला मुख्यालय स्थित न्यू परिसदन भवन के सामने संचालित चांदनी होटल में देह व्यापार के रैकेट का पुलिस ने खुलासा किया है। मामले में सदर थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज करते हुए रैकेट की कथित मास्टरमाइंड महिला, होटल संचालक समेत पांच युवतियों सहित कुल 12 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।

शनिवार को सदर थाना परिसर में आयोजित प्रेस वार्ता में एसडीपीओ सन्नी वर्धन ने बताया कि पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी को चांदनी होटल में अनैतिक गतिविधियां संचालित होने की सूचना मिली थी। सूचना के सत्यापन के बाद विशेष टीम गठित कर होटल में छापेमारी की गई। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने कई लोगों को गिरफ्तार किया।

छापेमारी के दौरान होटल से 10 मोबाइल फोन, चार कमरों से आपत्तिजनक सामान, एक अपाची बाइक और लाल रंग की एक स्कूटी बरामद की गई। पुलिस के अनुसार, होटल संचालक, उसकी पत्नी और पुत्र की भूमिका भी मामले में सामने आई है, जिसके आधार पर उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।

इस मामले में थाना कांड संख्या 354/2026, दिनांक 21 अगस्त 2026 को भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 272, 292, 318(4), 338, 336(2), 340(2), 3(5) तथा अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम की धारा 3, 4, 5 और 7 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।

पुलिस की इस कार्रवाई के बाद शहर में संचालित अनैतिक गतिविधियों के खिलाफ सख्ती को लेकर चर्चा तेज हो गई है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि ऐसे मामलों में संलिप्त लोगों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।