रामगढ़। सीसीएल के बरका-सयाल क्षेत्र की सौंदा डी कोलियरी में सीबीआई की भ्रष्टाचार निरोधक शाखा ने बुधवार को कार्रवाई करते हुए कार्यालय अधीक्षक अभय कुमार बक्शी को 20 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
मृतक प्रथम श्रेणी कर्मी रीना नायक के पति गंगाधर प्रधान ने अनुकंपा पर नौकरी और भविष्य निधि भुगतान के एवज में रिश्वत मांगने की शिकायत सीबीआई से की थी। योजना के तहत, परियोजना पदाधिकारी के कार्यालय में पैसे लेते वक्त सीबीआई ने आरोपी को उसकी मोटरसाइकिल की डिक्की में रकम रखते दबोच लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को पूछताछ के लिए भुरकुंडा स्थित सीसीएल रेस्ट हाउस लाया गया, जहां आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
