देवघर। सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) द्वारा सीएसआर योजना के तहत दुम्मा में श्रावणी मेला के अवसर पर एक माह लंबे निःशुल्क चिकित्सा शिविर की शुरुआत की गई है। इस शिविर का औपचारिक उद्घाटन सीसीएल के निदेशक (मानव संसाधन) हर्ष नाथ मिश्र ने पूजा-अर्चना, दीप प्रज्ज्वलन और फीता काटकर किया। यह शिविर आगामी 28 अगस्त तक संचालित रहेगा, जिसका उद्देश्य बाबा बैद्यनाथ धाम आने वाले कांवरियों और स्थानीय ग्रामीणों को प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं तथा डॉक्टरी परामर्श उपलब्ध कराना है।
उद्घाटन के बाद निदेशक ने शिविर की स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लिया और सीसीएल की सामाजिक प्रतिबद्धता को दोहराते हुए कहा कि ऐसे बड़े धार्मिक आयोजनों में स्वास्थ्य सेवाएं अत्यंत आवश्यक हैं।
कार्यक्रम में गिरिडीह क्षेत्र के महाप्रबंधक, वरिष्ठ अधिकारी, श्रमिक संगठनों के प्रतिनिधि और कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। अंत में श्रद्धालुओं और अतिथियों के बीच फल व मिठाइयों का वितरण किया गया।
