बोकारो। सीबीएसई क्लस्टर-3 बास्केटबॉल चैंपियनशिप-2026 का खिताब जीतने वाली बोकारो पब्लिक स्कूल की अंडर-17 बालिका टीम का विद्यालय में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह में खिलाड़ियों के साथ उनके अभिभावक भी मौजूद रहे।

विद्यालय की प्राचार्या डॉ. सुधा शेखर ने विजेता खिलाड़ियों को मोमेंटो देकर सम्मानित किया और कहा कि यह सफलता खिलाड़ियों की मेहनत, अनुशासन और समर्पण का परिणाम है। उन्होंने बताया कि क्लस्टर-3 चैंपियन बनने के साथ ही टीम ने सीबीएसई नेशनल बास्केटबॉल चैंपियनशिप-2026 के लिए भी क्वालीफाई कर लिया है।

प्राचार्या ने टीम की खिलाड़ियों आकांक्षा, अंकिता, अनुष्का, अदिति, माही, सिमरन, नंदनी और हर्षिखा के साथ बास्केटबॉल कोच आकाश कुमार मंडल एवं टीम मैनेजर अमरजीत कौर को शुभकामनाएं देते हुए राष्ट्रीय प्रतियोगिता में स्वर्णिम प्रदर्शन की उम्मीद जताई।

इस अवसर पर अभिभावकों ने विद्यालय प्रबंधन और प्रशिक्षकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बोकारो पब्लिक स्कूल शिक्षा के साथ-साथ खेल प्रतिभाओं को भी निरंतर प्रोत्साहित कर रहा है।