हजारीबाग। चौपारण थाना क्षेत्र के जीटी रोड स्थित सिंघरावां मोड़ से महज 200 मीटर दूर लराही रोड पर अपराधियों ने बड़ी लूट की वारदात को अंजाम दिया है। शुक्रवार की देर रात हथियारबंद पांच नकाबपोश अपराधियों ने ज्वेलरी दुकान संचालक राजेश कुमार के घर में घुसकर पूरे परिवार को बंधक बनाया और लगभग 15 लाख रुपए मूल्य की नकदी व सोने-चांदी के जेवरात लूटकर फरार हो गए। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।

दुकान संचालक राजेश कुमार ने बताया कि रात करीब एक बजे पांच नकाबपोश अपराधी घर के पीछे रखी सीढ़ी के सहारे पिछले दरवाजे से अंदर घुसे। इसके बाद छत पर बने कमरे में सो रहे उनके बेटे निखिल की कनपटी पर पिस्टल तान दी और उसे नीचे उसके माता-पिता के पास ले आए।

अपराधियों ने परिवार के सभी सदस्यों को हॉल में इकट्ठा कर उनके हाथ-पैर बांध दिए और बंदूक का भय दिखाकर तिजोरी की चाबी मांगने लगे। जब परिजनों ने इसका विरोध किया, तो अपराधियों ने उनके साथ मारपीट भी की। इसके बाद अपराधियों ने घर और सामने स्थित ज्वेलरी दुकान के लॉकर व अलमारियों को खुलवाया।

नकाबपोश अपराधियों ने अलमारी और लॉकर में रखे नकद रुपए, सोने-चांदी के आभूषणों के साथ-साथ परिजनों के गले में पहने हुए जेवर भी जबरन उतरवा लिए। लगभग एक से डेढ़ घंटे तक तांडव मचाने और लूटपाट करने के बाद अपराधियों ने परिवार के सभी सदस्यों को एक कमरे में बंद कर दिया और मौके से चंपत हो गए। बताया जा रहा है कि सभी अपराधियों के पास पिस्टल और चाकू जैसे घातक हथियार थे।

भागने के दौरान अपराधी परिजनों के दो मोबाइल फोन भी अपने साथ ले गए थे। बाद में एक मोबाइल घर के आसपास ही फेंका हुआ मिला, जबकि दूसरे मोबाइल की लोकेशन गरपा-गझंडी क्षेत्र में मिलने के बाद उसे स्विच ऑफ कर दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही चौपारण थाना पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और पूरे मामले की सघन जांच-पड़ताल शुरू कर दी है।