चास: सावन की भक्ति के बीच रविवार को चास में आस्था और सेवा का अनूठा संगम देखने को मिला। चिड़का धाम जाने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए बेहतर झारखंड की ओर से चास जेल गेट के समीप सेवा शिविर लगाया गया। संस्था के संस्थापक विवेक सिंह के नेतृत्व में दर्जनों कार्यकर्ता दिनभर श्रद्धालुओं की सेवा में जुटे रहे।
शिविर में श्रद्धालुओं के लिए फल, ठंडा पानी और चाय की व्यवस्था की गई थी। लंबी यात्रा से थके श्रद्धालुओं के आराम के लिए बैठने की भी व्यवस्था की गई। श्रद्धालुओं का जत्था जैसे ही शिविर के पास पहुंचता, कार्यकर्ता उत्साह के साथ उनकी सेवा में जुट जाते।
सेवा शिविर के आसपास का पूरा इलाका ‘बोल बम’ के जयकारों से गूंजता रहा। भक्ति गीतों की धुन पर श्रद्धालु झूमते और नाचते नजर आए। इससे चास का माहौल पूरी तरह भक्तिमय हो गया और सड़कें भी आस्था के रंग में रंगी नजर आईं।
इस मौके पर विवेक सिंह ने कहा कि हर वर्ष की तरह इस बार भी बेहतर झारखंड की टीम ने श्रद्धालुओं की सेवा का संकल्प लिया है। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सेवा संस्था के लिए महज एक आयोजन नहीं, बल्कि आस्था के साथ सामाजिक जिम्मेदारी निभाने का माध्यम है।
सेवा और भक्ति के इस संगम ने श्रद्धालुओं की यात्रा को सुविधाजनक बनाने के साथ-साथ उन्हें अपनापन और उत्साह का एहसास भी कराया।
