बोकारो। बोकारो स्टील सिटी से बेंगलुरु वाया काटपाडी (वेल्लोर) नई ट्रेन के परिचालन को लेकर स्थानीय विधायक श्वेता सिंह के प्रयासों को बड़ी सफलता मिली है। विधायक की पहल पर संज्ञान लेते हुए रेल मंत्रालय ने इस प्रस्ताव पर जांच प्रक्रिया शुरू कर दी है।
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने पत्र भेजकर यह जानकारी दी है कि मांग से संबंधित विषय की जांच की जा रही है और प्रक्रिया पूरी होने के बाद उपयुक्त कार्रवाई की जाएगी।
यह प्रस्तावित ट्रेन चालू होने से बोकारो और दक्षिण भारत के बीच सीधा रेल संपर्क मजबूत होगा। इलाज के लिए वेल्लोर स्थित सीएमसी जाने वाले मरीजों और उनके परिजनों को आवागमन में आसानी होगी।बेंगलुरु में पढ़ाई कर रहे बोकारो के छात्रों और वहां कार्यरत पेशेवरों के लिए सफर सुगम और किफायती बनेगा।
विधायक श्वेता सिंह ने कहा कि जन समस्याओं को उचित मंच पर उठाना और उनका समाधान कराना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने विश्वास जताया कि जांच के बाद रेल मंत्रालय बोकारोवासियों के हित में सकारात्मक निर्णय लेगा और इस नई ट्रेन के परिचालन का रास्ता साफ होगा।
