बोकारो। सेक्टर 12 ई स्थित एक आवासीय ब्लॉक का एक हिस्सा 28 अगस्त की सुबह अचानक ढह गया। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ। उल्लेखनीय है कि इस ब्लॉक में जुलाई 2026 में सीढ़ी गिरने की घटना के बाद नगर प्रशासन ने इसे 'असुरक्षित' घोषित कर दिया था। ब्लॉक के तीन खाली पड़े आवासों के अलावा बाकी तीन रह रहे लोगों में से एक ने हाल ही में वैकल्पिक आवास चुनकर परिसर खाली कर दिया था, जबकि अन्य दो बार-बार नोटिस मिलने के बाद भी वहीं रह रहे थे।
बीएसएल प्रबंधन ने आवासधारियों की सुरक्षा के लिए 'एनबीसीसी' और 'राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी), पटना' के विशेषज्ञों से चरणबद्ध स्ट्रक्चरल ऑडिट कराया है। प्रथम चरण के निरीक्षण में अब तक 169 आवासीय ब्लॉकों को 'निवास हेतु असुरक्षित' घोषित किया जा चुका है। अन्य सेक्टरों (जैसे सेक्टर 6 और 12) में भी जर्जर इमारतों का ऑडिट जारी है।
प्रबंधन के अनुसार, असुरक्षित ब्लॉकों को खाली कराने के लिए समाचार पत्रों में सार्वजनिक सूचना, व्यक्तिगत लीगल नोटिस और यहां तक कि एनआईटी, पटना के विशेषज्ञों के साथ जन-संवाद आयोजित कर स्थिति की गंभीरता बताई गई। इसके बावजूद कई आवासधारी इन जानलेवा परिसरों को खाली करने से मना कर रहे हैं, जो कि बेहद चिंतनीय है।
बीएसएल नगर प्रशासन ने प्रभावित सभी निवासियों से अपील की है कि वे अपनी और अपने परिवार की जान-माल की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए तुरंत वैकल्पिक आवासों में स्थानांतरित हों।
निवासियों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट करने के लिए प्रबंधन ने एक विशेष टास्क फोर्स का गठन किया है, जो स्थानांतरण में हर संभव मदद उपलब्ध कराएगी।
