बोकारो। सेक्टर-4 स्थित मोहन कुमार मंगलम स्टेडियम में आयोजित 'दूसरी एनटीपीसी राष्ट्रीय रैंकिंग तीरंदाजी प्रतियोगिता' का आज भव्य समापन हो गया। समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में झारखंड सरकार के पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश कुमार महतो शामिल हुए।
खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए सुदेश महतो ने कहा कि खेल सिर्फ मैदान पर जीतने का नाम नहीं, बल्कि अपने हुनर, हौसले और मेहनत से देश का नाम रोशन करने का जुनून है।
उन्होंने आगे कहा कि झारखंड में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, बस उन्हें उचित अवसर, संसाधन और प्रोत्साहन देने की जरूरत है। देश के विभिन्न हिस्सों से आए होनहार खिलाड़ियों का बोकारो में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करना पूरे राज्य के लिए गर्व की बात है।
उन्होंने कहा कि ऐसे राष्ट्रीय स्तर के आयोजन युवाओं को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने और अपने सपनों को नई उड़ान देने की प्रेरणा देते हैं। अंत में उन्होंने सफल आयोजन के लिए तीरंदाजी संघ के पदाधिकारियों को बधाई दी और सभी खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस दौरान तीरंदाजी संघ के पदाधिकारी, कोच, खिलाड़ी और कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
