मेदिनीनगर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवक के रूप में 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में पलामू संसदीय क्षेत्र के शिवाजी मैदान में 'सेवा ज्योति यात्रा' का आयोजन किया गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों, छात्रों और आम नागरिकों ने प्रधानमंत्री के लाइव संबोधन को सुना।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पलामू सांसद विष्णु दयाल राम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 25 वर्षों का सार्वजनिक जीवन राष्ट्रसेवा, जनसेवा और सुशासन का अद्वितीय उदाहरण है। यह यात्रा 'विकसित भारत @2047' के संकल्प को जन-जन तक पहुँचाने और मजबूत करने का महत्वपूर्ण अवसर है।
प्रदेश महामंत्री मनोज सिंह ने 'सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास' के मंत्र को आत्मसात करते हुए नागरिकों से देश के विकास में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया। वहीं, भाजपा जिलाध्यक्ष अमित तिवारी ने कार्यक्रम की ऐतिहासिक सफलता के लिए सभी कार्यकर्ताओं और सामाजिक संगठनों का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में पूर्व सांसद मनोज भुइयां, पूर्व विधायक पुष्पा देवी, वरिष्ठ नेता श्याम नारायण दुबे, जिला प्रभारी शशिभूषण भगत, विभाकर नारायण पाण्डेय समेत बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।
