खूंटी। भाजपा के नवनियुक्त झारखंड प्रदेश प्रभारी एवं राष्ट्रीय महामंत्री गजेंद्र सिंह पटेल ने अपने खूंटी प्रवास के दौरान अमर शहीद भगवान बिरसा मुंडा की जन्मस्थली उलिहातू पहुंचकर उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। इस दौरान उन्होंने बिरसा मुंडा के संघर्ष, त्याग और जनजातीय समाज के प्रति उनके योगदान को याद करते हुए उनके वंशजों सुखराम मुंडा और बुधराम मुंडा से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना व आशीर्वाद लिया।
इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, छत्तीसगढ़ मिनरल डेवलपमेंट कारपोरेशन के अध्यक्ष सौरभ सिंह एवं बिहार विधान परिषद सदस्य निवेदिता सिंह (दोनों सह-प्रभारी) मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
उलिहातू में मीडिया से बातचीत में प्रदेश प्रभारी गजेंद्र सिंह पटेल ने कहा कि जनजातीय समाज का कल्याण सिर्फ भाजपा ही कर सकती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आदिवासी समाज की उन्नति के लिए कई ऐतिहासिक कदम उठाए हैं—चाहे 15 नवंबर को 'जनजातीय गौरव दिवस' घोषित करना हो या जनजातीय समाज की बेटी को देश का राष्ट्रपति बनाना। उन्होंने स्पष्ट किया कि आने वाले समय में झारखंड भाजपा जनजातीय समाज के साथ संपर्क और संवाद को गांव-गांव तक और मजबूत करेगी।
प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि भारतीय परंपरा के अनुसार नए कार्यभार से पहले अमर शहीदों को नमन किया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि रघुवर दास की सरकार के समय उलिहातू का जो विकास हुआ था, वर्तमान राज्य सरकार की उदासीनता के कारण पिछले छह वर्षों से वह ठप्प पड़ा है।
सह-प्रभारी सौरभ सिंह ने कहा कि संगठन की मजबूती के बल पर 2029 में झारखंड में भाजपा की सरकार बनाने के संकल्प के साथ काम किया जाएगा।
सह-प्रभारी निवेदिता सिंह ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का त्याग और समर्पण सदैव राष्ट्र व जनजातीय गौरव के लिए कार्य करने की प्रेरणा देता रहेगा।
प्रवास के दौरान प्रदेश प्रभारी और सह-प्रभारियों ने पूर्व लोकसभा उपाध्यक्ष व वरिष्ठ नेता कड़िया मुंडा से मुलाकात कर उनका मार्गदर्शन एवं आशीर्वाद प्राप्त किया। इसके बाद नेताओं ने पार्टी के पुराने कार्यकर्ता सह मुखिया फागु मुंडा के आवास पर पहुंचकर मड़ुआ रोटी, धुस्का, बर्रा, देहाती चावल, दाल और लाल साग का पारंपरिक स्वाद लिया, जिससे कार्यकर्ताओं के बीच "कार्यकर्ता सर्वोपरि" का संदेश गया।
खूंटी आगमन पर कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों, झारखंडी नृत्य और पुष्पवर्षा के साथ प्रदेश प्रभारी व सह-प्रभारियों का जोरदार स्वागत किया। नेताओं ने सुभाष चौक पर नेताजी सुभाष चंद्र बोस, भगत सिंह, जयपाल सिंह मुंडा तथा साइको में गया सिंह मुंडा की प्रतिमाओं पर भी माल्यार्पण किया।
कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा, नीलकंठ सिंह मुंडा, समीर उरांव, अमर कुमार बाउरी, बिरंची नारायण, कोचे मुंडा, राहुल शाहदेव सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता एवं भारी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
