रांची। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन 23 अक्टूबर को तीन दिवसीय झारखंड दौरे पर रांची पहुंचेंगे। वे 24 अक्टूबर से शुरू होने वाली भाजपा झारखंड प्रदेश कार्यसमिति की बैठक के उद्घाटन सत्र में शामिल होंगे। उनके आगमन को लेकर प्रदेश भाजपा ने स्वागत की सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। राष्ट्रीय अध्यक्ष के दौरे को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह का माहौल है और राजधानी रांची को झंडों, बैनरों व पताकाओं से सजाया गया है।
राष्ट्रीय अध्यक्ष के दौरे और स्वागत की तैयारियों की समीक्षा के लिए प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदित्य साहू ने प्रदेश कार्यालय में पार्टी के प्रदेश पदाधिकारियों के साथ एक उच्चस्तरीय बैठक की।
प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाउरी ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद नितिन नवीन का धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की पावन भूमि झारखंड में यह दूसरा आगमन होगा।
राष्ट्रीय अध्यक्ष 23 अक्टूबर की शाम 7:00 बजे रांची हवाई अड्डे पहुंचेंगे।
उनके स्वागत के लिए झारखंड की पारंपरिक रीति-रिवाजों, ढोल-नगाड़ों और पुष्पवर्षा की विशेष तैयारी की गई है। राजधानी में विभिन्न स्थानों पर पार्टी कार्यकर्ता उनका भव्य स्वागत करेंगे।
अपने इस प्रवास के दौरान वे 24 अक्टूबर को प्रदेश कार्यसमिति की बैठक के उद्घाटन सत्र में भाग लेंगे और पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को महत्वपूर्ण मार्गदर्शन प्रदान करेंगे।
समीक्षा बैठक में प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के अलावा प्रदेश उपाध्यक्ष बालमुकुंद सहाय, राकेश प्रसाद,
संगठन महामंत्री पवन साय,प्रदेश महामंत्री गणेश मिश्र, अमर कुमार बाउरी, मनोज सिंह,प्रदेश मंत्री: सरोज सिंह, अमित सिंह, अमरदीप यादव, मनीर उरांव, शालिनी बैसिखियार,
कार्यालय मंत्री हेमंत दास,कोषाध्यक्ष दीपक बंका, सूरज चौरसिया समेत
योगेंद्र प्रताप सिंह (मीडिया प्रभारी), सीमा सिंह, शशांक राज, राकेश भाष्कर, संजीव विजयवर्गीय, वरुण साहू, नरेंद्र सिंह, दर्ज महतो सहित अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे।
