रांची। जेएनयू के प्रोफेसर एवं कांग्रेस सांसद डॉ. अंगोमचा बिमोल अकोइजम से जुड़े यौन उत्पीड़न प्रकरण को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) महिला मोर्चा ने रांची स्थित कांग्रेस भवन के समक्ष जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष सीमा सिंह के नेतृत्व में सैकड़ों महिला कार्यकर्ताओं ने सरकार और कांग्रेस नेतृत्व के खिलाफ तीखा आक्रोश व्यक्त किया।

आज सैकड़ों महिला कार्यकर्ता जिला स्कूल मैदान, शहीद चौक से हाथों में तख्तियां और पार्टी के झंडे लेकर जुलूस के रूप में निकलीं। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने “कांग्रेस चुप्पी तोड़ो, जेएनयू की घटना पर जवाब दो” और “राहुल गांधी शर्म करो” जैसे नारे लगाए।

कांग्रेस भवन पहुंचने पर प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए पुलिस ने बैरिकेडिंग की थी। बैरिकेडिंग पार करने के प्रयास के दौरान पुलिसकर्मियों के साथ नोक-झोंक भी हुई, जिसके बाद महिला कार्यकर्ता धरने पर बैठ गईं और घंटों नारेबाजी कर अपना विरोध दर्ज कराया।

भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष सीमा सिंह ने कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व पर हमला बोलते हुए कहा कि राहुल गांधी देशभर में पितृसत्तात्मक व्यवस्था के खिलाफ आवाज उठाते हैं और प्रियंका गांधी का नारा “लड़की हूँ, लड़ सकती हूँ” है। लेकिन, जब महिलाओं के सम्मान से जुड़ा गंभीर मामला सामने आता है, तो कांग्रेस नेतृत्व की आवाज धीमी क्यों पड़ जाती है? उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को दूसरों को महिला सम्मान का पाठ पढ़ाने से पहले अपनी पार्टी से जुड़े मामलों पर स्पष्ट रुख दिखाना चाहिए। महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा का विषय केवल नारेबाजी का माध्यम नहीं हो सकता।

मौके पर मौजूद रांची विधायक सीपी सिंह ने कहा कि राहुल और प्रियंका गांधी महिलाओं के अधिकारों और समानता की बात करते हैं, ऐसे में कांग्रेस नेतृत्व को इस मामले पर अपना पक्ष स्पष्ट करना चाहिए। महिला सम्मान पर बड़ी-बड़ी बातें करना और जवाबदेही के समय मौन साध लेना कांग्रेस के दोहरे चरित्र को बेनकाब करता है।

इस घेराव सह विरोध प्रदर्शन में भाजपा महिला मोर्चा की पूर्व प्रदेश अध्यक्ष आरती सिंह, पायल सोनी, अनीता वर्मा, कुमुद झा, निशि जायसवाल, रंजिता सिंह, सुप्रिया दुबे, दिव्या साहू, गीता गुप्ता, लवली पाठक, मंजू चौरसिया, बबीता साहू, डोली जायसवाल, सुनीता सोनी, रेणु सिंह, किरण देवी के साथ-साथ बलराम सिंह, जितेंद्र वर्मा, राजू सिंह, संकेत तिवारी, नीरज चौधरी समेत सैकड़ों महिला एवं पुरुष कार्यकर्ता उपस्थित रहे।